चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में अशांति फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। रतनपुर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार 24 दिसंबर 2025 को थाना रतनपुर को फोन के माध्यम से सूचना मिली कि एक व्यक्ति मेलाभाठा रतनपुर के पास और दूसरा व्यक्ति खण्डोबा मंदिर रतनपुर के पास आम जगहों पर चाकू दिखाकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कर उनके निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मेलाभाठा क्षेत्र से गणेश कुमार सूर्यवंशी, उम्र 18 वर्ष और खण्डोबा मंदिर के पास से आकाश यादव उर्फ बुगलू, उम्र 20 वर्ष को घेराबंदी कर पकड़ा। दोनों आरोपियों के कब्जे से धारदार चाकू बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। रतनपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नववर्ष और क्रिसमस त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए असामाजिक तत्वों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, उप निरीक्षक पवन सिंह सहित पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




