मुठभेड़ में 6 नक्सलियों के मारे जाने की खबर, सर्च ऑपरेशन जारी

छत्तीसगढ़ के पड़ोसी राज्य ओडिशा के कंधमाल जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच बड़ी मुठभेड़ की खबर सामने आई है। इस कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने 6 नक्सलियों को मार गिराया है। मारे गए नक्सलियों के शवों के साथ हथियार भी बरामद किए गए हैं।
इनमें 1 करोड़ से ज्यादा का इनामी सेंट्रल कमेटी मेंबर (CCM) गणेश उईके भी शामिल है। दो महिला नक्सली भी मारी गई हैं। मारे गए नक्सलियों के शव और हथियार बरामद कर लिए गए हैं।सुरक्षाबलों को कंधमाल जिले के चाकापाड़ इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी का इनपुट मिला था।
इसी इनपुट के आधार पर 23 टीमों को ऑपरेशन के लिए भेजा गया था। इनमें 20 स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG), दो सीआरपीएफ और एक बीएसएफ टीमें शामिल थीं। यह ऑपरेशन कंधमाल जिले के चाकापाड़ थाना क्षेत्र और गंजाम जिले के राम्भा वन क्षेत्र में चलाया गया।
मुठभेड़ के बाद इलाके में सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है, ताकि किसी अन्य नक्सली की मौजूदगी को लेकर पूरी तरह से स्थिति स्पष्ट की जा सके। फिलहाल, पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट है और ऑपरेशन जारी है।




