रायपुर

न्यू ईयर से पहले रायपुर में एमडीएमए ड्रग्स सप्लाई करने वाला गिरोह का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार

न्यू ईयर ईव के मद्देनजर रायपुर पुलिस ने एमडीएमए ड्रग्स की सप्लाई करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। ऑपरेशन निश्चय के तहत की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने नागपुर के तस्कर समेत कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया है।

Advertisement

यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस को सूचना मिली थी कि न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्र के वरण अपार्टमेंट स्थित एक फ्लैट में एमडीएमए ड्रग्स रखी गई है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी और सभी आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया।

Advertisement

पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 10 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स, 4 मोबाइल फोन और 20 हजार रुपये नकद जब्त किए गए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये बताई जा रही है।

पूछताछ में सामने आया है कि नागपुर निवासी शुभम राजूधावड़े ड्रग्स की सप्लाई करता था, जबकि पराग बरछा उर्फ रघु रायपुर में एमडीएमए ड्रग्स का मुख्य सप्लायर है। आरोपी न्यू ईयर के दौरान होने वाली पार्टियों में ड्रग्स सप्लाई करने की तैयारी में थे।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना न्यू राजेन्द्र नगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21बी और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

Related Articles

Back to top button