पीएमजीएसवाई के तहत बेलतरा विधानसभा को 26.89 करोड़ की सौगात, 7 ग्रामीण सड़कें स्वीकृत

बिलासपुर – बेलतरा विधानसभा क्षेत्र को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बड़ी सौगात मिली है। क्षेत्र की 7 महत्वपूर्ण ग्रामीण सड़कों के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इन सड़कों की कुल लंबाई 28.22 किलोमीटर है, जिनके लिए लगभग 26 करोड़ 89 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। यह सभी सड़कें बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला की अनुशंसा पर स्वीकृत हुई हैं।
सड़क निर्माण से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ा जाएगा, जिससे आवागमन सुगम होगा और ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। सड़क स्वीकृति की खबर से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा सरकार के सुशासन में बेलतरा विधानसभा में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़कों का मजबूत नेटवर्क क्षेत्र के विकास को नई गति देगा। ग्रामीणों ने इस सौगात के लिए विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया है।




