ब्लू वाटर में सिर कटी लाश मिलने से मचा हड़कंप….

रायपुर – राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र स्थित ब्लू वाटर इलाके में पानी के भीतर एक अज्ञात व्यक्ति की सिर कटी लाश मिलने से हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने जब पानी में तैरती हुई लाश देखी तो तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची माना थाना पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाया। हैरान करने वाली बात यह है कि मृतक के शरीर से सिर गायब है, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास के इलाकों में सिर की तलाश कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हत्या कहीं और कर शव को यहां फेंका गया है या वारदात इसी इलाके में हुई है।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। राजधानी में इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।




