रायपुर

लाल बत्ती और सायरन लगाकर नशे में स्कॉर्पियो चलाना पड़ा भारी, वाहन जप्त

रायपुर यातायात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लाल-नीली बत्ती और सायरन लगाकर शराब के नशे में वाहन चला रहे युवक को पकड़ा है। मामला सोशल मीडिया के जरिए संज्ञान में आया था, जिसके बाद यातायात पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन की तलाश शुरू की।

Advertisement

चेकिंग के दौरान स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक सीजी-04-एनजे-9007 को रोका गया, जिसमें अनधिकृत रूप से लाल-नीली बत्ती और सायरन/हूटर लगा पाया गया। वाहन चालक आशीष यादव शराब के नशे में था। एल्कोमीटर जांच में उसके शरीर में 128 एमजी प्रति 100 एमएल शराब की मात्रा पाई गई।

Advertisement

पुलिस पूछताछ में वाहन के मालिक डिलेश्वर पटेल निवासी वीआईपी स्टेट, अशोका नगर रायपुर बताए गए। वाहन मालिक ने बताया कि स्कॉर्पियो पूर्व में पुलिस विभाग बिलासपुर में अधिग्रहण पर थी और मरम्मत के लिए रायपुर लाई गई थी। रविवार रात चालक ने घर जाने के लिए वाहन मांगा था, जिसे उसने दे दिया।

यातायात पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 108, 185 और 119(3) के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन जप्त कर लिया और प्रकरण न्यायालय में पेश किया है। इन धाराओं में करीब 20 हजार 500 रुपये के अर्थदंड का प्रावधान है। जप्त वाहन न्यायालय के आदेश के बाद ही छोड़ा जाएगा।

Related Articles

Back to top button