एनटीपीसी सीपत में ठेकेदार कर्मचारी की ट्रेन से कटकर मौत….

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – एनटीपीसी सीपत में बुधवार शाम एक ठेकेदार कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, ग्राम देवरी निवासी 43 वर्षीय सुरेश वस्त्रकर, जो एमजीआर डिपार्टमेंट में राइटस कंपनी के तहत गैंगमैन हेल्पर के रूप में कार्यरत थे, ड्यूटी समाप्त कर अपने साथियों के साथ लौट रहे थे।
परिवार के अनुसार, सुरेश ने बुधवार शाम करीब 5 बजे लाइन नंबर–2 में कोयला छनाई का काम पूरा किया और अटेंडेंस भरने के बाद ड्यूटी पॉइंट से निकले। साथी कर्मचारी अपने घर पहुँच गए, लेकिन सुरेश रातभर घर नहीं लौटे। चिंतित परिजन देर रात करीब 1 बजे एनटीपीसी परिसर पहुंचे, तब उन्हें पता चला कि सुरेश ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर दी। उनका शव सीपत अस्पताल की मर्चुरी में रखा गया है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि एनटीपीसी प्रबंधन ने जानकारी छिपाई और उन्हें देर रात तक घटना की सूचना नहीं दी। ग्रामीणों और परिजनों ने उचित मुआवज़े और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर मटेरियल गेट पर प्रदर्शन का ऐलान कर दिया है।
सीपत थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद NTPC परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है और सुरक्षा के लिए पुलिस सतर्क है।




