कई जगहों से उड़ानें आज भी कैंसिल….दिल्ली-बेंगलुरु फ्लाइट का किराया 50000 पहुंचा

इंडिगो संकट आज शनिवार को पांचवें दिन भी थमता नजर नहीं आ रहा है। तिरुवनंतपुरम, अहमदाबाद समेत दर्जनों एयरपोर्ट से आज भी कई उड़ानें रद्द होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। स्थिति इतनी बिगड़ गई है कि एयरपोर्ट पर हजारों लोग फंसे हैं, वहीं टिकटों के दाम आसमान छू रहे हैं। इसी अव्यवस्था के बीच रेलवे ने बड़ा कदम उठाते हुए अतिरिक्त ट्रेनें चलाने और कई रूट पर कोच बढ़ाने का फैसला किया है, ताकि फंसे यात्रियों को राहत मिल सके। एयरलाइंस की उथल-पुथल के बीच रेलवे आज संकटमोचक बनकर उभरा है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर इंडिगो का संकट आज भी जारी है। बेंगलुरु, गोवा, मुंबई, अहमदाबाद, जबलपुर, चेन्नई, विजयवाड़ा और अगरतला जाने वाली कई उड़ानें पूरी तरह रद्द कर दी गई हैं। इसके अलावा कई अन्य रूट्स की इंडिगो फ्लाइट्स 5 से 6 घंटे की भारी देरी से उड़ान भर रही हैं, जिससे यात्रियों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं।
शनिवार को लखनऊ एयरपोर्ट में इंडिगो की 7 फ्लाइट समेत 8 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इसकी जानकारी यात्रियों को पहले ही मिल गई थी औक यात्री अपना वैकल्पिक साधन तलाश रहे है, जिसकी वजह से फिलहाल लखनऊ एयरपोर्ट पे हालात सामान्य दिख रहे हैं।
दिल्ली से बेंगलुरु जा रहे है एक यात्री की इंडिगो फ्लाइट कैंसिल हो गई है। इसके बाद, दूसरी एयरलाइन्स में किराया चेक किया तो पता चला कि स्पाइसजेट दिल्ली से बेंगलुरु की फ्लाइट का टिकट 50000 रुपये तक पहुंच गया है।




