पीएम मोदी ने कहा – भारत-रूस की दोस्ती ध्रुव तारे जैसी, जानिए दोनों देशों में क्या बनी सहमति….

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच द्विपक्षीय वार्ता के बाद दोनों ने अपने संयुक्त बयान में आपसी संबंधों को मजबूत करने और मिलकर आतंकवाद पर प्रहार करने का संकल्प जाहिर किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और रूस के बीच की दोस्ती ध्रुव तारे की तरह है।
उन्होंने कहा, पिछले आठ दशकों में विश्व में अनेक उतार चढ़ाव आए हैं। मानवता को अनेक चुनौतियों और संकटों से गुजरना पड़ा है और इन सबके बीच भी भारत–रूस मित्रता एक ध्रुव तारे की तरह बनी रही है। परस्पर सम्मान और गहरे विश्वास पर टिके ये संबंध समय की कसौटी पर हमेशा खरे उतरे हैं।
PM नरेंद्र मोदी ने कहा, “एनर्जी सिक्योरिटी भारत-रूस पार्टनरशिप का एक मजबूत और अहम पिलर रहा है। सिविल न्यूक्लियर एनर्जी में हमारा दशकों पुराना सहयोग हमारी साझा क्लीन एनर्जी प्राथमिकताओं को पूरा करने में बहुत जरूरी रहा है। हम इस विन-विन सहयोग को जारी रखेंगे। अहम मिनरल्स में हमारा सहयोग दुनिया भर में सुरक्षित और अलग-अलग सप्लाई चेन सुनिश्चित करने के लिए बहुत जरूरी है। यह क्लीन एनर्जी, हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग और नई उम्र की इंडस्ट्रीज़ में हमारी पार्टनरशिप को मज़बूत सपोर्ट देगा। जहाज़ बनाने में हमारे गहरे सहयोग में मेक इन इंडिया को मजबूत करने की क्षमता है। यह हमारे विन-विन सहयोग का एक और बेहतरीन उदाहरण है, जो रोज़गार, स्किल्स और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बढ़ावा देगा।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ वार्ता के बाद भारत और रूस ने साझा बयान जारी किया। इस दौरान पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, “15 साल पहले, 2010 में, हमारी पार्टनरशिप को एक स्पेशल प्रिविलेज्ड स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप का दर्जा दिया गया था। पिछले ढाई दशकों से, उन्होंने (राष्ट्रपति पुतिन) अपने नेतृत्व और विज़न से इस रिश्ते को पाला पोसा है। हर हालात में उनके नेतृत्व ने हमारे संबंधों को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। मैं अपने दोस्त, राष्ट्रपति पुतिन का इस गहरी दोस्ती और भारत के प्रति अटूट कमिटमेंट के लिए दिल से शुक्रिया अदा करता हूं।
पीएम मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच हुई वार्ता में अहम समझौतों पर सहमति बनी है। भारत और रूस के बीच खाद्य, केमिकल, फर्टीलाइजर और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अहम समझौते हुए हैं।




