कई जिलों में 20 से अधिक ठिकानों पर एसीबी/ईओडब्ल्यू की छापेमारी

छत्तीसगढ़ में एसीबी और ईओडब्ल्यू की संयुक्त टीम ने आज तड़के प्रदेशभर में बड़ी कार्रवाई शुरू की है। आबकारी और डीएमएफ से जुड़े मामलों में जांच के तहत लगभग 18 ठिकानों पर एक साथ दबिश दी जा रही है।
यह कार्रवाई रायपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर, कोंडागांव समेत कई जिलों में जारी है। रायपुर में ही दो लोकेशन पर लगातार छापेमारी चल रही है।
जानकारी के मुताबिक, पूर्व आबकारी आयुक्त निरंजन दास के निवास और उनसे जुड़े अन्य ठिकानों पर भी रेड की जा रही है। उन पर आबकारी घोटाले की प्लानिंग में शामिल होने का गंभीर आरोप है।
छापेमारी के लिए 7 से 8 अधिकारियों की टीमें तड़के सुबह ही मौके पर पहुंच गई थीं और अब भी दस्तावेजों की जांच, जब्ती और पूछताछ की प्रक्रिया जारी है।
सूत्रों के अनुसार, ये कार्रवाई आबकारी विभाग और डीएमएफ से जुड़े वित्तीय अनियमितताओं की जांच को आगे बढ़ाने के तहत की जा रही है। पुलिस और एसीबी/ईओडब्ल्यू की टीमें पूरे ऑपरेशन को गोपनीयता के साथ संचालित कर रही हैं।



