गोलीकांड में बड़ा खुलासा: झारखंड से दो शूटर गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस जब्त, अब तक 9 गिरफ्तार.

दुर्ग जिले के जामुल में हुए गोलीकांड मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने झारखंड से दो शूटरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से घटना में प्रयुक्त पिस्टल, कारतूस और बाइक भी बरामद की गई है। इस मामले में अब तक कुल 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
14 नवंबर 2025 की शाम जामुल के घासीदास नगर में विकास प्रजापति पर फायरिंग कर हत्या का प्रयास किया गया था। इस वारदात में 109 (1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस ने पहले ही 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी करण साव ने झारखंड से भाड़े के शूटर बुलवाए थे और उन्हें अपने गोदाम में ठहराया था।
गिरफ्तार शूटरों की पहचान राजेश और बबलू उर्फ बड़का के रूप में हुई है। दोनों झारखंड के रांची क्षेत्र के रहने वाले हैं। राजेश आरोपी करण साव का ममेरा भाई है, जो प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भिलाई आता-जाता था। आरोपी करण ने अपने चचेरे भाई शिवम की हत्या का बदला लेने के लिए राजेश की मदद ली थी।
राजेश ने अपने साथी बबलू और दो अन्य आरोपियों को हत्या की सुपारी दी। घटना में प्रयुक्त पिस्टल और गोलियों की व्यवस्था के लिए करण साव ने 55 हजार रुपये दिए थे।
वारदात के बाद शूटरों ने पिस्टल और गोलियां वापस करण साव को सौंप दीं और उसकी मदद से हीरो पैशन बाइक सीजी 07 AP 1013 में रायपुर भाग निकले। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर पिस्टल, कारतूस और बाइक जब्त कर ली है।
गिरफ्तार शूटर:
- राजेश (29 वर्ष) निवासी झींगनगर हटिया, थाना बिहार सरिफ
- बबलू उर्फ बड़का (27 वर्ष) निवासी जगन्नाथपुर, न्यू कॉलोनी, रांची
दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमार कार्रवाई कर रही है।




