दुर्ग

IIT भिलाई के छात्र की संदिग्ध मौत, साथियों ने जताया आक्रोश, व्यवस्थाओं पर उठे सवाल

दुर्ग जिले के IIT भिलाई में मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के बीटेक फर्स्ट सेमेस्टर का छात्र था। इसी साल उसने दाखिला लिया था। जानकारी के मुताबिक, सोमवार 11 नवंबर की सुबह करीब साढ़े 10 बजे 18 वर्षीय सौमिल साहू की तबीयत अचानक बिगड़ गई। साथी छात्रों ने तुरंत उसे सुपेला स्थित स्पर्श अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी में मिर्गी का दौरा पड़ने की बात कही जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। इस घटना के बाद देर रात कैंपस में छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा।

Advertisement

रात 12 बजे से लेकर 2 बजे तक स्टूडेंट्स ने कैंपस में हंगामा किया। उन्होंने IIT प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए कि संस्थान में न तो मेडिकल सुविधा है और न ही आपातकालीन स्थिति से निपटने की कोई व्यवस्था। छात्रों का कहना था कि अगर समय पर सही इलाज मिलता तो सौमिल की जान बच सकती थी। सौमिल मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम की साई दर्शन सोसाइटी का रहने वाला था। उसके पिता वीरेंद्र साहू सिक्योरिटी पेपर मील में कर्मचारी हैं।

Advertisement

पिता ने बताया कि बेटे को 10 नवंबर को हल्का बुखार आया था, लेकिन वह पूरी तरह स्वस्थ था। 11 नवंबर की सुबह उसे देखने के लिए उन्होंने भिलाई में रहने वाले रिश्तेदार को भेजा था। सौमिल को उसी दिन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।IIT भिलाई प्रबंधन ने छात्र की मौत पर दुख जताया है और कहा कि यह किसी तरह की सुसाइड या हादसे का मामला नहीं है।

पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम सुपेला अस्पताल में करवाया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी। जेवरा पुलिस चौकी ने फिलहाल जांच शुरू कर दी है। वहीं, परिजनों ने बेटे की मौत की जांच की मांग की है। दीपावली के बाद लौटा यह युवा छात्र अब हमेशा के लिए खामोश हो गया, और पीछे छोड़ गया कई सवाल, जिनका जवाब अभी बाकी है।

Related Articles

Back to top button