बिलासपुर

रेलवे के सीनियर अधिकारी पर महिला क्लर्क ने लगाया छेड़छाड़ का आरोप, दो महीने बाद भी कार्रवाई नहीं.

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के एक सीनियर अधिकारी पर महिला क्लर्क ने छेड़छाड़ और अशोभनीय व्यवहार का गंभीर आरोप लगाया है। महिला ने दो महीने पहले ही इस मामले में जीएम को शिकायत सौंपी थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। मामला अब रेलवे प्रशासन की संवेदनशीलता और शिकायत निपटान प्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।

Advertisement

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के डीसीसीएम, डिप्टी चीफ कमर्शियल मैनेजर कौशिक मित्रा पर एक महिला क्लर्क ने कार्यस्थल पर छेड़छाड़ और उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने अपनी शिकायत में 12 बिंदुओं में विस्तार से पूरी घटना दर्ज की है।

Advertisement

शिकायत में बताया गया है कि अधिकारी ने व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक संदेश भेजे, बार-बार निजी मुलाकात के लिए दबाव डाला, और कई मौकों पर अशोभनीय टिप्पणियां कीं। महिला ने अपने आरोपों के समर्थन में चैट, कॉल लॉग और स्क्रीनशॉट्स भी सबूत के तौर पर जमा किए हैं। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि शिकायत किए दो महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक न तो अधिकारी पर कोई कार्रवाई हुई, और न ही जांच रिपोर्ट सामने आई है। रेलवे सूत्रों के मुताबिक, मामला जांच प्रक्रिया में है, लेकिन सूत्र ये भी मानते हैं कि जांच की गति बेहद धीमी है। वहीं पीड़िता का कहना है कि उसे मानसिक तनाव और असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है।

रेलवे कर्मचारियों के बीच भी यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि जब रेलवे जैसी संवेदनशील संस्था में भी शिकायतें फाइलों में दब जाएं,तो महिलाओं की सुरक्षा और कार्यस्थल की गरिमा पर सवाल उठना लाज़मी है। मामला सिर्फ एक अधिकारी या एक शिकायत का नहीं, बल्कि रेलवे तंत्र की जवाबदेही और संवेदनशीलता की परीक्षा है। अब देखना होगा कि क्या इस शिकायत पर कार्रवाई होगी, या यह भी बाकी कई मामलों की तरह फाइलों में ही बंद रह जाएगी।

 

Related Articles

Back to top button