तिफरा सब्जी मंडी के पास मिली अधजली लाश, हत्या की आशंका….

बिलासपुर – सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के तिफरा सब्जी मंडी के पास झाड़ियों में शुक्रवार सुबह एक युवक की अधजली लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने झाड़ियों से धुआं उठता देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की और फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया। प्रारंभिक जांच में यह अंदेशा जताया गया है कि युवक की बेरहमी से हत्या की गई और सबूत मिटाने के लिए शव को आग के हवाले किया गया।
घटनास्थल से कपड़ों के टुकड़े और जले हुए सामान बरामद किए गए हैं। मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में इंदिरा सेतु पुल के नीचे भी एक अधजली लाश मिली थी, जिससे लगातार ऐसे मामलों ने शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।




