मस्तूरी में गोलीबारी से मचा हड़कंप, अज्ञात युवकों ने की फायरिंग, दो लोग घायल

बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर गोलीबारी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। नहर के पास स्थित तिवारी होटल के सामने अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुन फायरिंग की, जिसमें दो लोग घायल हो गए हैं।घायलों का नाम राजू ठाकुर और चंद्रकांत ठाकुर है।
जानकारी के अनुसार, तीन लोग बिना नंबर की गाड़ी में मौके पर पहुंचे और देखते ही देखते फायरिंग शुरू कर दी। कई राउंड फायरिंग की आवाज से पूरा इलाका दहशत में आ गया। स्थानीय लोग घटना के बाद सुरक्षित स्थानों की ओर भाग खड़े हुए।
घटना की सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। मस्तूरी थाना प्रभारी हरीश तांडेकर ने घटना की पुष्टि की है। प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। पूरे इलाके को पुलिस ने घेर लिया है, और मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।आरोपियों के पकड़े जाने के बाद ही गोलीबारी के पीछे की असली वजह सामने आएगी।




