बुजुर्ग ने महिला थाना के सामने की आत्महत्या की कोशिश

राजधानी रायपुर से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक बुजुर्ग ने महिला थाना के सामने ज़हर पीकर आत्महत्या की कोशिश की है। बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद के बाद बुजुर्ग ने यह कदम उठाया। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना रायपुर के महिला थाना क्षेत्र की है। चंगोराभाठा निवासी राजेश श्रीवास नाम के बुजुर्ग का सुबह घर पर बेटे और बहू से झगड़ा हो गया। गुस्से में उसने आत्महत्या की धमकी दी और घर से निकल गया।कुछ देर बाद वह महिला थाने के सामने पहुंचा और अपने पास रखी कीटनाशक दवा पूरी पी ली।
थाने के बाहर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत मौके पर दौड़ लगाई और बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों के मुताबिक, राजेश की हालत गंभीर है और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है।
जानकारी के मुताबिक, राजेश पहले भी पेट्रोल लाकर आत्महत्या की कोशिश कर चुका है। उसकी इन हरकतों से घर का माहौल तनावपूर्ण रहता है और मोहल्ले के लोग भी परेशान हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और परिजनों के बयान लेकर जांच शुरू कर दी है।




