किराए पर बैंक खाता देकर फंसा ठग, पुलिस ने चेन्नई से किया गिरफ्तार….

जशपुर पुलिस ने एक ऑनलाइन ठगी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए चेन्नई से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपना बैंक खाता किराए पर देकर ठगों की मदद की थी, जिसके जरिए दो लाख 35 हजार रुपए की ठगी की गई थी।
मामला चौकी आरा क्षेत्र का है, जहां वर्ष 2024 में ग्राम टुकुटोली निवासी राजू साय के मोबाइल पर एक व्हाट्सऐप संदेश आया था। संदेश में “पीएम किसान निधि योजना चालू होने” की बात कहकर एक ऐप लिंक भेजा गया था। जैसे ही राजू साय ने लिंक पर क्लिक किया, उसके बैंक खाते से ठगों ने दो लाख 35 हजार रुपए निकाल लिए।
जांच के दौरान पुलिस ने खातों की ट्रांजेक्शन डिटेल खंगाली, जिसमें पता चला कि रकम असम राज्य के कई खातों में ट्रांसफर की गई थी। इनमें से एक खाता जहुरुल इस्लाम नामक युवक का था, जिसके एक्सिस बैंक खाते में 50 हजार रुपए भेजे गए थे। पुलिस ने टेक्निकल टीम की मदद से जहुरुल इस्लाम का लोकेशन चेन्नई में ट्रेस किया और वहां से उसे गिरफ्तार कर जशपुर लाया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपना बैंक अकाउंट, पासबुक और एटीएम कार्ड पड़ोसी गांव के व्यक्ति को किराए पर दे दिया था, जो आगे ठगों के संपर्क में था। पुलिस ने उस व्यक्ति की भी पहचान कर ली है और उसकी तलाश जारी है।
आरोपी जहुरुल इस्लाम (उम्र 23 वर्ष, निवासी – बरपेटा, असम) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन और खाता से जुड़ी सिम को भी जब्त कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस ऐसे “म्यूल अकाउंट” धारकों पर लगातार नजर रख रही है, जो अपने बैंक खाते अपराधियों को किराए पर देकर ठगी में मदद करते हैं। पूर्व में भी जिले के कई म्यूल अकाउंट धारक गिरफ्तार किए जा चुके हैं।




