हेरोईन सप्लाय नेटवर्क का खुलासा, 2 पेडलर गिरफ्तार, अब तक कुल 29 आरोपियों पर हुई कार्रवाई

रायपुर: थाना टिकरापारा पुलिस और एंटी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में हेरोईन सप्लाय नेटवर्क के दो और पेडलर गिरफ्तार किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जिबरान सैफ (25) निवासी मोती नगर और लक्ष्मण कौशल उर्फ वीरू (32) निवासी संतोषी नगर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पहले से चल रहे नारकोटिक एक्ट प्रकरण का हिस्सा है, जिसमें पहले ही पंजाब निवासी अंतर्राज्यीय तस्कर समेत कुल 27 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। अब तक इस मामले में कुल 29 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 412.87 ग्राम हेरोईन (चिट्टा), दो मोबाइल फोन, क्रेटा वाहन, तौल मशीन, सिल्वर रोल पेपर, जला हुआ नोट, एटीएम कार्ड, चेकबुक और एक देशी कट्टा बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से प्राप्त दस्तावेजों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर उनके नेटवर्क के अन्य सदस्यों का पता लगाया और इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई नशे के विरुद्ध प्रभावी कदम के तहत की गई है। आरोपियों के खिलाफ थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 600/25 धारा 21C, 27, 27(क), 29 नारकोटिक एक्ट, 111 बीएनएस एवं 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि अब भी इस प्रकरण में संलिप्त अन्य आरोपियों की पतासाजी जारी है और जल्द ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।




