साइंस कॉलेज हॉस्टल में घुसकर मारपीट करने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार…..

रायपुर। राजधानी के साइंस कॉलेज छात्रावास में घुसकर छात्रों के साथ मारपीट करने वाले 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना 12 जनवरी 2025 की रात की है, जब 50 से अधिक युवक हॉस्टल में घुसकर छात्रों पर हाथ, डंडा और चाकू से हमला कर फरार हो गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी अमरेश मिश्रा, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सरस्वती नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। जांच में सीसीटीवी फुटेज और छात्रों से पूछताछ के बाद छह आरोपियों को चिन्हांकित कर गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में मोनेश उर्फ मोंटू केसरकर, धर्माशुं सोनपिपरे, गेबिन यादव, प्रतीक यादव, आकाश गुप्ता उर्फ बाबू और थानेश्वर उर्फ सोनू साहू शामिल हैं।
आरोपियों ने पूछताछ में 25 से 30 अन्य युवकों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंडे बरामद किए हैं और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है, मामले में धारा 115(2), 191(2), 191(3), 333, 304(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच जारी है।




