नाले में मिला बुजुर्ग का शव, जांच में जुटी पुलिस….

(आशीष मौर्य संपादक/प्रदीप भोई) : बिलासपुर – शहर में नगर निगम की लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के श्रीकांत वर्मा मार्ग मोड़ के पास खुले नाले में एक बुजुर्ग का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने जब नाले में शव देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी।
घटना सोमवार रात करीब सात बजे की है। बताया जा रहा है कि नाले का चेम्बर कई दिनों से खुला हुआ था और इसकी सुध लेने वाला कोई नहीं था। इसी खुले नाले में 65 वर्षीय धर्मप्रकाश केवट उर्फ नानकून का शव मिला। धर्मप्रकाश मगरपारा मरार गली के रहने वाले थे। जानकारी के मुताबिक, वह शनिवार शाम घर से निकले थे लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटे। परिजनों ने तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। दो दिन बाद जब लोगों ने नाले में शव देखा तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई करते हुए मर्ग कायम किया है। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि यह हादसा था या कुछ और।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा है। उनका कहना है कि नगर निगम की लापरवाही के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। खुले नाले लोगों की जान के लिए खतरा बने हुए हैं, लेकिन जिम्मेदार चुप हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।




