वर-वधू परिचय साइट पर शादी का झांसा, साइबर शील्ड अभियान में 4 आरोपी गिरफ्तार, करोड़ों की ठगी का खुलासा

रायपुर: साइबर शील्ड अभियान के तहत रायपुर पुलिस ने एक बड़े ऑनलाइन ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। जानकारी के अनुसार, जीवन जोड़ी नामक फर्जी वर-वधू परिचय साइटों के माध्यम से लोगों को शादी का झांसा देकर करोड़ों रुपए की ठगी की जा रही थी।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 50 मोबाइल फोन, 10 डेस्कटॉप कंप्यूटर, बड़ी संख्या में सिम कार्ड और 60 बैंक अकाउंट कीट बरामद किए हैं। जांच में सामने आया कि म्यूल अकाउंट्स के जरिए यह रकम चीन तक ट्रांसफर की जा रही थी। इस नेटवर्क में ओडिशा, गुजरात, बिलासपुर और रायपुर के 4 आरोपी शामिल थे।
अपराधियों ने फर्जी मैट्रिमोनियल वेबसाइट www.erishtaa.com, www.jeevanjodi.com और www.royalrishtey.com जैसी साइट्स तैयार की थी। इन पर फर्जी वर-वधू की फोटो अपलोड कर लोगों को फंसाया जाता था।पुलिस ने रायपुर में गोल चौक डगनिया और कटोरा तालाब में दो फर्जी कार्यालयों पर छापा मारकर उन्हें सील कर दिया।
गिरफ्तार आरोपी:
- गजसिंघ सुना, पिता: घनु सुना, उम्र: 32 वर्ष, सूरदा, सिंधईकेला, बलांगीर, ओडिशा
- भिखु सचदेव, पिता: मनसुख लाल, उम्र: 32 वर्ष, भाटिया, कल्याणपुर, द्वारिका, गुजरात
- साहिल कौशिक, पिता: शत्रुघ्न कौशिक, उम्र: 23 वर्ष, काठाकोनी, तखतपुर, बिलासपुर
- हर्षित शर्मा, पिता: स्वर्गीय संजय शर्मा, उम्र: 18 वर्ष, अरविंद नगर, कटोरा तालाब, रायपुर
पुलिस ने बताया कि यह गिरोह ऑनलाइन ठगी और मनी लाउंड्रिंग के लिए 500 से अधिक बैंक खातों का इस्तेमाल कर रहा था। जांच अब भी जारी है।




