“राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस” पर चिंगराजपारा में जिला स्तरीय स्वास्थ्य शिविर, सैकड़ों लोगों ने कराया इलाज….

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – चिंगराजपारा में राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय चिकित्सा एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में आयुर्वेद की प्राचीन चिकित्सा पद्धति के माध्यम से हजारों लोगों को स्वास्थ्य लाभ पहुंचाया गया।
यह आयोजन आयुष विभाग और स्थानीय सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को मुफ्त चिकित्सा उपलब्ध कराना और आयुर्वेद के महत्व के प्रति जागरूक करना था। गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष जांच और परामर्श की व्यवस्था की गई। जांच के बाद उन्हें मुफ्त दवाइयां और पौष्टिक आहार भी वितरित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह मौजूद रहे। उनके साथ वार्ड पार्षद संतोष कौशिक भी शामिल हुए। विधायक धर्मजीत सिंह ने इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसा शिविर उनके विधानसभा क्षेत्र तखतपुर में भी लगाया जाए, ताकि वहां के लोगों को भी मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर लगाए गए इस स्वास्थ्य मेले ने न केवल रोगियों को बल्कि स्वस्थ लोगों को भी लाभ पहुंचाया। शिविर में आयुर्वेद, होम्योपैथी और यूनानी चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से परामर्श और उपचार दिया गया। सिकल सेल एनीमिया, नेत्र रोग और दंत रोगों की जांच के लिए भी विशेषज्ञ मौजूद थे। करीब 700 से 800 लोगों ने इस अवसर पर जांच कराई और चिकित्सा लाभ लिया।आयोजकों ने बताया कि शरद ऋतु के प्रारंभ में बीमारियों की संभावना बढ़ जाती है, इसलिए इस शिविर का मकसद लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाना और स्वस्थ जीवन शैली के प्रति जागरूक करना रहा।
इस शिविर में प्रभारी की भूमिका डॉ. अजय भारती ने निभाई, जबकि संचालन डॉ. अनिल कुमार सोनी ने किया। शिविर को सफल बनाने में डॉ. कोमल सिंह डोटे, डॉ. विश्वनाथ पटेल, डॉ. निशांत कौशिक, डॉ. रश्मि जितपुरे, डॉ. अपर्णा मिश्रा, डॉ. भारती श्रीवास, डॉ. अरुण सिंह, डॉ. प्रभात पटेल, डॉ. ओमकार सिंह राजपूत और डॉ. अंकेश मिश्रा का सराहनीय योगदान रहा।




