जवानों की त्वरित मदद से मां और नवजात सुरक्षित, ग्रामीणों ने जताया आभार

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले से एक सकारात्मक खबर सामने आई है। नक्सली कमांडर माडवी हिडमा के गृहग्राम पुवर्ती में इस बार गोलियों की गूंज नहीं, बल्कि इंसानियत और भरोसे की तस्वीर देखने को मिली।
दरअसल, गांव की एक गर्भवती महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई। हालात नाजुक होते देख 150 बटालियन सीआरपीएफ के जवानों ने तुरंत एम्बुलेंस की व्यवस्था की और महिला को अस्पताल पहुँचाया। जगरगुंडा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में समय पर इलाज से महिला ने सुरक्षित बच्चे को जन्म दिया। फिलहाल मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं।
ग्रामीणों ने सुरक्षा बलों की इस त्वरित मदद के लिए आभार जताया है। आपको बता दें, यही पुवर्ती गांव वह जगह है, जहां दो साल पहले नक्सलियों के खिलाफ मोर्चा संभालने के लिए सुरक्षा बलों ने कैंप स्थापित किया था।आज उसी गांव से भरोसे और इंसानियत की मिसाल दुनिया के सामने आई है।




