प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ दौरे की तैयारियों को लेकर उच्च स्तरीय बैठक सम्पन्न

रायपुर – विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में विधानसभा परिसर स्थित मुख्य समिति कक्ष में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ आगमन की तैयारियों को लेकर उच्च स्तरीय बैठक आयोजित हुई।
बैठक में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वनमंत्री एवं संसदीय कार्यमंत्री केदार कश्यप, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, विधायक अजय चंद्राकर, विधायक प्रबोध मिंज, विधायक भावना बोहरा, विधायक अनुज शर्मा, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, विधानसभा सचिव दिनेश शर्मा, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित छत्तीसगढ़ प्रवास की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियों को समयबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छत्तीसगढ़ राज्य के रजत जयंती वर्ष में आयोजित राज्योत्सव समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान वे छत्तीसगढ़ विधानसभा के नवीन भवन और छत्तीसगढ़ आदिवासी संग्रहालय का लोकार्पण करेंगे तथा राज्योत्सव का शुभारंभ करेंगे।




