जहरीली शराब से दो की मौत, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम…..

जांजगीर-चाम्पा – बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव में शराब पीने से दो युवकों की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बिर्रा चौक पर चक्काजाम कर दिया। मामला हत्या की नीयत से शराब में ज़हर मिलाने का बताया जा रहा है।
दरअसल, 15 सितंबर को करही गांव के रहने वाले सूरज यादव और मनोज कश्यप ने शराब पी थी। शराब पीने के कुछ देर बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें सारंगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों की मौत हो गई।
शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि शराब में ज़हर की मिलावट की गई थी। इसके बाद ग्रामीण आक्रोशित हो उठे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर बिर्रा चौक पर चक्काजाम कर दिया।करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर स्थिति काबू में आई।
चाम्पा एसडीओपी यदुमणि सिदार ने बताया कि मामले में संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल, जहरीली शराब से हुई मौतों की जांच बिर्रा पुलिस कर रही है।




