उपसरपंच की हत्या का पर्दाफाश, 7 आरोपी गिरफ्तार, शव महानदी से बरामद…..

जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम करही उपसरपंच महेंद्र बघेल के लापता होने की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस हत्याकांड में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें सरपंच पति राजकुमार साहू भी शामिल है। साथ ही 2 विधि विरुद्ध संघर्षरत बालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
6 सितंबर की रात से लापता उपसरपंच की तलाश में पुलिस ने सर्च अभियान चलाया। ड्रोन और डीडीआरएफ की मदद से नदी और आसपास के 30 किलोमीटर क्षेत्र में गहन खोजबीन की गई। आखिरकार पुलिस ने डभरा थाना क्षेत्र के साराडीह बैराज के आगे महानदी से उपसरपंच का शव बरामद कर लिया। मृतक की पल्सर बाइक भी नदी से मिली है।

जांच में सामने आया कि आपसी रंजिश और शासकीय निर्माण कार्यों के विवाद को लेकर सरपंच पति राजकुमार साहू और उसके साथियों ने उपसरपंच को शराब पिलाने के बाद गमछा से गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को महानदी में फेंक दिया।
इस कार्रवाई में एएसपी उमेश कश्यप, एसडीओपी यदुमणि सिदार और थाना बिर्रा प्रभारी जय कुमार साहू समेत पुलिस की कई टीमों का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय ने इस सफलता को टीमवर्क और धैर्य का परिणाम बताया है।जांजगीर-चांपा पुलिस की इस उपलब्धि ने न सिर्फ हत्याकांड का राज़ खोला, बल्कि ग्रामीणों का विश्वास भी फिर से जीत लिया है।



