114 नशीली इंजेक्शन के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार….

बिलासपुर पुलिस ने नशे के सौदागरों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 114 नग नशीली दवा Buprenorphine Injection जब्त की है। इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह और एएसपी राजिंद्र जयसवाल के नेतृत्व तथा सीएसपी गगन कुमार के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली पुलिस की टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस ने 8 सितंबर को ज्वाली नाला के पास दबिश देकर दो युवकों को पकड़ा, जिनके कब्जे से 62 नग इंजेक्शन बरामद हुए। वहीं 9 सितंबर को महिला आरोपी दुर्गा वर्मा से 52 नग इंजेक्शन बरामद किए गए। कुल मिलाकर पुलिस ने 114 इंजेक्शन (228 ML) जब्त किए। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 22 के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन भी की जाएगी, ताकि नशे के अवैध कारोबार की पूरी श्रृंखला का खुलासा हो सके।बिलासपुर पुलिस ने साफ किया है कि समाज को नशे से मुक्त करने के लिए ऐसे अपराधियों के विरुद्ध ज़ीरो टॉलरेंस नीति पर कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।




