केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू का प्रदेशवासियों को बड़ा तोहफ़ा : छत्तीसगढ़ के 23 स्टेशनों पर रुकेगी लंबी दूरी की ट्रेनें, रेलवे बोर्ड ने दी मंजूरी

छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक रहा। केंद्रीय आवासन राज्य मंत्री तोखन साहू की पहल पर रेलवे बोर्ड ने प्रदेश के कई छोटे और मंझोले स्टेशनों पर 23 ट्रेनों के ठहराव को मंजूरी दे दी है।
रेलवे से मिली जानकारी के मुताबिक, यह सुविधा बिलासपुर, बेल्हा, पेंड्रा रोड, गतोरा, खोंगसरा, बेलगहना, करगी रोड, शहडोल, अंबिकापुर, पाराडोल और देवबलोदा चारा सहित कई स्टेशनों पर लागू होगी।
अब अमृतसर–विशाखापट्टनम, योगनगरी ऋषिकेश–पुरी, भिलाई–दुर्ग–छपरा, शालिमार–लोकमान्य तिलक, टाटानगर–एनएससी बोस इतवारी, भोपाल–बिलासपुर, कोरबा–अमृतसर और चिरमिरी–बिलासपुर जैसी लंबी दूरी की ट्रेनें इन स्टेशनों पर रुकेंगी।
तोखन साहू ने कहा – “यह छत्तीसगढ़ की जनता के लिए रेलवे की ओर से तोहफ़ा है। लंबे प्रयासों के बाद छोटे-बड़े स्टेशनों पर 23 ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित हुआ है। हमारा लक्ष्य है कि हर क्षेत्र को बेहतर रेल सुविधा मिले और विकास को नई गति मिले।”
इस फैसले के बाद यात्रियों को अब बड़े जंक्शन तक जाने की जरूरत नहीं होगी। छोटे कस्बों और गांवों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे आम जनता के साथ-साथ स्थानीय व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह कदम जन सुविधा और समग्र विकास की नीति को मजबूत करेगा और प्रदेश के रेल नेटवर्क को सुदृढ़ बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।




