बिलासपुर

राखड़ से भरा हाइवा पलटा, तीन गायों की हुई मौत….

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। राखड़ से लदा एक हाइवा वाहन एनएच-130 पर अनियंत्रित होकर पलट गया, और इस हादसे में सड़क किनारे बैठी तीन गायों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वाहन चालक और कंडक्टर घटना के बाद फरार हो गए।

Advertisement

 

Advertisement

हादसा सोमवार रात लगभग 11:30 बजे हुआ। कोरबा से राखड़ लेकर रायपुर की ओर जा रहा हाइवा वाहन कराड गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। भारी वाहन की चपेट में आने से तीन गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ड्राइवर और कंडक्टर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर थाना प्रभारी नरेश चौहान अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने यातायात व्यवस्था को संभालते हुए, हाईवे पर लगे जाम को जल्द से जल्द क्लियर कराया।प्रशासन और पुलिस की तत्परता से हाइड्रा और जेसीबी मशीनों की मदद से पलटे हुए वाहन को हटाया गया, जिसके बाद हाईवे पर सामान्य यातायात बहाल हो सका।

 

इस हादसे से आसपास के ग्रामीणों और यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया। वहीं पशुप्रेमियों और ग्रामीणों ने प्रशासन पर नाराजगी जताते हुए कहा कि हाईवे पर रात्रिकालीन मवेशी सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि तेज रफ्तार और असंतुलित लोडिंग इस हादसे की मुख्य वजह रही। एक बार फिर सवाल उठ खड़े हुए हैं कि क्या सड़क पर जानवरों की सुरक्षा के लिए कोई व्यवस्था है भी या नहीं? एनएच-130 जैसे व्यस्त हाईवे पर इस तरह की घटनाएं न केवल पशुओं की जान ले रही हैं, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा आम लोगों पर भी मंडरा रहा है। ज़रूरत है ठोस कदम उठाने की, ताकि अगली खबर किसी की जान लेकर न आए।

 

 

Related Articles

Back to top button