भीषण सड़क हादसा: ट्रक और बस की टक्कर में 18 कांवड़ियों की मौत, कई घायल

झारखंड के देवघर जिले से कांवड़ यात्रा के दौरान दिल दहला देने वाली दुर्घटना की खबर सामने आई है। कांवड़ियों से भरी एक बस और तेज रफ्तार ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें 18 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को देवघर के विभिन्न अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की पुष्टि बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने भी की है। उन्होंने X (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “मेरे लोकसभा क्षेत्र देवघर में श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में 18 लोगों की मृत्यु हो गई है। बाबा बैद्यनाथ सभी परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दें।”
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया भी जारी है। श्रावण मास के चलते देवघर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों से आकर बाबा बैद्यनाथ धाम में जल अर्पण करने आते हैं।




