सर्पदंश से मासूम की मौत: बिजली कटौती बनी मौत की वजह, सिस्टम पर फूटा ग्रामीणों का ग़ुस्सा

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – मस्तूरी से एक हृदय विदारक खबर जहां ज़हर सिर्फ सांप में नहीं था, बल्कि सिस्टम की सुस्ती ने भी एक मासूम की जान ले ली। भाटापारा गांव में ज़मीन पर सो रही दो बहनों को ज़हरीले करैत सांप ने डंस लिया। इस हादसे में 7 साल की बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बड़ी बहन ज़िंदगी और मौत से जूझ रही है।परिजन साफ तौर पर कहते हैं अगर बिजली होती, तो शायद बच्ची बच जाती।
ये हादसा बुधवार देर रात मस्तूरी थाना क्षेत्र के भाटापारा गांव में हुआ। गांव की दो बहनें 12 साल की महक और 7 साल की प्रीति सूर्यवंशी, अपने घर में ज़मीन पर सो रही थीं। तभी अचानक तेज बारिश शुरू हुई और पूरे गांव की बिजली चली गई। अंधेरे का फायदा उठाकर एक ज़हरीला करैत सांप घर के भीतर घुस आया और दोनों बहनों को डंस लिया।
परिजनों को जब तक कुछ समझ आता, तब तक प्रीति तड़प-तड़प कर दम तोड़ चुकी थी। बड़ी बहन महक को मस्तूरी अस्पताल और फिर सिम्स, बिलासपुर ले जाया गया।
फिलहाल वह शिशु वार्ड में भर्ती है और उसकी हालत बेहद नाज़ुक बनी हुई है। परिजनों का साफ कहना है अगर गांव में बिजली होती, तो अंधेरा नहीं होता…
और शायद समय रहते बच्चियों को बचाया जा सकता था। गांववालों का भी यही आरोप है कि बिजली विभाग की लचर व्यवस्था इस हादसे की बड़ी वजह है।
मामूली सी बारिश में घंटों बिजली गुल होना यहां आम बात है।
प्रीति की मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और जांच शुरू कर दी है। परिजनों की मांग है कि सिर्फ सांप को नहीं, बिजली विभाग को भी जिम्मेदार ठहराया जाए।




