अवैध प्लाटिंग का अड्डा बना कोनी मार्ग, ज़ोन कार्यालय के पास ही नियमों की उड़ रही धज्जियां.

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – नगर निगम की सख्ती और प्रशासनिक कार्रवाई के दावों के बावजूद, शहर में अवैध प्लाटिंग थमने का नाम नहीं ले रही है। निगम के वार्डों में भू-माफिया खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। ताज़ा मामला कोनी मुख्य मार्ग से सामने आया है, जहां मुख्य सड़क से महज 100 मीटर की दूरी पर ज़मीन को टुकड़ों में बाँटकर प्लाटिंग की जा रही है। चौंकाने वाली बात ये है कि ये अवैध प्लाटिंग, निगम के ज़ोन कार्यालय से कुछ ही दूरी पर हो रही है।
बिलासपुर नगर निगम सीमा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वार्डों में इन दिनों अवैध प्लाटिंग का खेल खुलेआम चल रहा है। निगम प्रशासन ने भले ही कुछ चिन्हित इलाकों में कार्रवाई की हो और नोटिस भी जारी किए हों, लेकिन भू-माफियाओं के हौसले अभी भी बुलंद हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े वार्डों में, खासकर कोनी मुख्य मार्ग पर, नियमों को ताक पर रखकर खेतों और खाली ज़मीनों को प्लाट में तब्दील किया जा रहा है। रोड से महज 100 मीटर की दूरी पर ज़मीन को काटकर सड़क तक चिन्हित कर दी गई है, ताकि बाद में इन्हें आवासीय प्लाट के रूप में बेचा जा सके।
फिलहाल यहाँ प्लाट की बिक्री शुरू नहीं हुई है, लेकिन सूत्रों की मानें तो बरसात के बाद इन प्लॉट्स की बिक्री ज़ोरों पर हो सकती है। सबसे हैरानी की बात यह है कि जहाँ यह सब हो रहा है, वहाँ से कुछ ही दूरी पर नगर निगम का ज़ोन कार्यालय भी मौजूद है, इसके बावजूद अवैध गतिविधियों पर कोई ठोस रोक नहीं लग पा रही है। प्रशासन की निष्क्रियता और कार्रवाई की धीमी रफ्तार ने भू-माफियाओं को खुली छूट दे दी है। अब देखने वाली बात यह होगी कि क्या नगर निगम इस मामले में सख्त कदम उठाता है या फिर यह अवैध प्लाटिंग शहर के विकास को निगलती रहेगी।




