लेनदेन के विवाद में वकील दंपत्ति ने की क्लाइंट की हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार.

रायपुर में एक दिल दहला देने वाली हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। 30 लाख रुपये के विवाद में एक वकील और उसकी पत्नी ने अपने ही क्लाइंट की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को ट्रॉली बैग में डालकर टिन की पेटी में बंद कर सुनसान इलाके में फेंक दिया गया।
घटना 21 जून की है। मृतक किशोर पैकरा लगातार वकील अंकित उपाध्याय से अपने 30 लाख रुपये वापस मांग रहा था। इससे तंग आकर वकील अंकित और उसकी पत्नी शिवानी शर्मा ने साजिश रची और किराए के मकान में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। आरोपियों ने शव को ट्रॉली बैग में डालकर उस पर सीमेंट डाल दिया और टिन की पेटी में बंद कर सुनसान नाले के पास फेंक दिया।
पुलिस को 23 जून को डिपरापारा नाले के पास लावारिस हालत में एक बदबूदार पेटी मिली। जब पेटी खोली गई तो उसमें ट्रॉली बैग में बंद एक शव मिला। फॉरेंसिक और तकनीकी जांच में खुलासा हुआ कि हत्या के मास्टरमाइंड वकील अंकित उपाध्याय और उसकी पत्नी हैं।
घटना के बाद आरोपी दंपत्ति फरार हो गए थे। रायपुर पुलिस की टीम ने दिल्ली एयरपोर्ट पर फ्लाइट लैंड होते ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उनके साथ शव ठिकाने लगाने में मदद करने वाले दो अन्य आरोपी विनय यदु और सूर्यकांत यदु को भी गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त अल्टो कार, दो दोपहिया वाहन और पांच मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। डी.डी. नगर थाना में हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस की तत्परता और तकनीकी जांच से यह अंधी हत्या की गुत्थी सुलझी और आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया।




