VIDEO : हाल ए रेलवे….छत से फूटा झरना, प्लेटफार्म पर खड़े यात्री तरबतर.

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर रेलवे स्टेशन में रविवार को हुई तेज बारिश ने व्यवस्थाओं की असली तस्वीर सामने ला दी। यात्रियों को बारिश से बचाने का दावा करने वाला रेलवे खुद ही पानी-पानी हो गया। शेड से गिरता पानी किसी झरने से कम नहीं दिख रहा था।
बिलासपुर स्टेशन का नजारा रविवार को कुछ ऐसा था शेड से गिरता पानी और उसमें भीगते यात्री।
बारिश तेज थी, लेकिन उससे ज्यादा तेज था रेलवे की लापरवाही का पर्दाफाश। प्लेटफार्म नंबर एक, दो और तीन हर जगह शेड से झरने की तरह गिरता पानी।
छत की आड़ में आने वाले यात्रियों को राहत नहीं, बल्कि भीगने का इनाम मिला। प्लेटफार्म पर खड़े रहना भी मुश्किल हो गया। भारी लगेज लिए यात्री सूखी जगह ढूंढते रहे। लेकिन कहीं जगह नहीं मिली। बारिश से बचने आए लोगों के बैग तक भीग गए। कुछ यात्रियों ने स्टेशन की छत को सहारा बनाया… लेकिन वहां से भी टपकते पानी ने सभी को तरबतर कर दिया।
दुकानदारों की भी परेशानी कम नहीं रही। रिसते पानी ने उनके सामान को भी नुकसान पहुंचाया। शिकायतों के बावजूद रेलवे की ओर से कोई ठोस प्रतिक्रिया नहीं मिली। और सबसे चिंताजनक बात पंखों के पास से टपकता पानी करंट का खतरा भी बढ़ा रहा था। लेकिन रेलवे प्रशासन इस सब पर खामोश नजर आया। शहर में बारिश तो एक प्राकृतिक घटना थी…लेकिन रेलवे स्टेशन में बना ये झरना… व्यवस्था की एक शर्मनाक तस्वीर थी।बिलासपुर जैसे ज़ोनल स्टेशन की ये हालत चिंताजनक है। ज़रूरत है कि रेलवे प्रशासन तुरंत मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था सुधारे –वरना हर बारिश में यही झरना फिर बहेगा।




