फर्जी डीएसपी बनकर बुजुर्ग से 20 लाख की ठगी, कोल इंडिया में नौकरी का दिया था झांसा, आरोपी गिरफ्तार

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – कोल इंडिया में नौकरी और कॉलेज ट्रांसफर का सपना दिखाकर बिलासपुर के एक रिटायर्ड कर्मचारी से 20 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को डीएसपी बताकर तीन साल तक भरोसा जीता, डराया, ब्लैकमेल किया और आखिरकार जब असलियत खुली, तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पीड़ित एम.ए. सिद्दीकी, सिविल लाइन के रहने वाले हैं और गौरेला में सहायक ग्रेड-2 के पद से रिटायर हुए हैं। उन्होंने बताया कि अफसर खान नाम के युवक ने डीएसपी बनकर उनकी जान-पहचान बढ़ाई और बेटी को कोल इंडिया में जॉब दिलाने, बेटे का कॉलेज ट्रांसफर कराने का वादा किया। फर्जी नियुक्ति पत्र, ऑफिसियल दिखने वाले दस्तावेज़ और भावनात्मक दबाव के जरिए उनसे 20 लाख 16 हजार रुपये हड़प लिए गए।टीआई ने बताया कि आरोपी अफसर खान ने पीड़ित को लंबे समय तक गुमराह किया। व्हाट्सएप, कॉल्स और सरकारी फॉर्मेट में तैयार फर्जी दस्तावेज़ भेजे। उसकी बहन के अकाउंट में ट्रांजैक्शन हुए हैं और अन्य साथी भी इसमें शामिल थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि अफसर खान का कोई स्थायी रोजगार नहीं है, बल्कि उसका पूरा परिवार पहले भी इसी तरह की धोखाधड़ी में शामिल रहा है। पिता खुद को कभी फॉरेस्ट रेंजर बताकर ठगी कर चुके हैं। इस मामले में अफसर खान के साथ सुरुती, कीर्ति ठाकुर और सुनील उर्फ सुशील वर्मा के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। सिविल लाइन पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।




