छत्तीसगढ़

भोरमदेव में पहली बार शुरू होगी छत्तीसगढ़ की इलेक्ट्रिक जिप्सी जंगल सफारी

 

Advertisement

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : कवर्धा – भोरमदेव अभ्यारण में जंगल सफारी शुरू करने की तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। डीएफओ निखिल अग्रवाल ने इस संबंध में जानकारी साझा करते हुए बताया कि जल्द ही राज्य में पहली बार इलेक्ट्रिक जिप्सी के जरिए जंगल सफारी की शुरुआत होने जा रही है।

Advertisement

भोरमदेव अभ्यारण, अपने प्राकृतिक सौंदर्य, पहाड़ी रास्तों और सकरी नदी जैसे आकर्षणों के लिए जाना जाता है। सफारी मार्ग में आपको एक से बढ़कर एक व्यू प्वाइंट्स मिलेंगे,जैसे नदी को 12 से 15 बार पार करना, और ऊँचाई पर स्थित विहंगम स्थल।डीएफओ अग्रवाल के अनुसार, इस प्रोजेक्ट को लेकर मुख्य सचिव स्तर पर उच्चस्तरीय बैठक भी आयोजित की गई थी। वहीं नागपुर से विशेषज्ञ टीम को बुलाया गया है, जो इलेक्ट्रिक जिप्सी से संबंधित ट्रैक का सर्वे कर रही है। यह ट्रैक चयन और मरम्मत का कार्य भी तेजी से जारी है। शुरुआत में 5 इलेक्ट्रिक गाड़ियों से सफारी शुरू की जाएगी।

विशेष बात यह है कि यह गाड़ियाँ स्थानीय को-डेवलपमेंट कमेटी के माध्यम से संचालित की जाएंगी। रजिस्ट्रेशन से लेकर संचालन तक की जिम्मेदारी समिति के सदस्यों की होगी। डीएफओ का कहना है कि ये वाहन पारंपरिक पेट्रोल-डीजल वाहनों से अधिक पावर ट्रैक्शन देंगे और प्रदूषण मुक्त होंगे।

इलेक्ट्रिक वाहनों का चयन पर्यावरणीय दृष्टि से भी बेहद अहम माना जा रहा है।भोरमदेव जंगल सफारी ना सिर्फ पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण होगा, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार से जोड़ने की दिशा में भी एक बड़ा कदम है।

 

Related Articles

Back to top button