मानसून ने समय से पहले दी दस्तक, बिलासपुर में हुई झमाझम बारिश….

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – देशभर में जहां भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर रखा है, वहीं अब मौसम ने राहत दी है। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने इस बार समय से पहले दस्तक दी है। आमतौर पर 1 जून को केरल तट पर पहुंचने वाला मानसून, इस बार 24 मई को ही देश में प्रवेश कर गया। यानी एक सप्ताह पहले ही मानसून ने दस्तक दी है।
इसका असर छत्तीसगढ़ में भी साफ देखा गया। बिलासपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में दोपहर बाद तेज आंधी और झमाझम बारिश हुई। शहर की सड़कों पर भीगते लोग और ठंडी हवाएं गर्मी से परेशान लोगों के लिए किसी राहत से कम नहीं थीं। बारिश से वातावरण में ठंडक घुल गई और उमस से भी काफी राहत मिली।
मौसम विभाग ने पुष्टि की है कि मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियाँ बनी हुई हैं और अगले कुछ दिनों में यह महाराष्ट्र, गोवा, आंध्रप्रदेश, कर्नाटक और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में फैल जाएगा।
छत्तीसगढ़ में भी मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है। मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के मुताबिक, 25 मई को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। दक्षिण छत्तीसगढ़ के अधिकतर और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं कुछ स्थानों पर अंधड़ और वज्रपात की भी चेतावनी दी गई है।
ऐसे में जहाँ यह मौसम लोगों के लिए सुकून लेकर आया है, वहीं सतर्कता बरतना भी जरूरी है। खेतों में काम करने वाले किसान, खुले में काम कर रहे लोग और बच्चे विशेष ध्यान रखें। मौसम की यह करवट खेती-किसानी की तैयारियों के लिए जरूर फायदेमंद साबित हो सकती है।




