ग्राहकों के फिंगर प्रिंट लेकर लाखों की ठगी करने वाला पकड़ाया.

जशपुर पुलिस ने “ऑपरेशन अंकुश” के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 42 लाख रुपये की ठगी के मामले में फरार चल रहे आरोपी संदीप यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने बैंक खाताधारकों से KYC के नाम पर फिंगरप्रिंट लेकर 10 लाख से अधिक की रकम अपने खाते में ट्रांसफर कर ली थी।
जांच के दौरान यह ठगी करीब 42 लाख रुपये तक पहुंचने की आशंका है। आरोपी इतने शातिर तरीके से भाग रहा था कि बार-बार अपना ठिकाना बदल रहा था। पुलिस की टेक्निकल टीम और मुखबिर की सूचना के आधार पर जब पुलिस बेंगलुरु पहुंची, तो आरोपी ट्रेन से फरार हो गया। लेकिन झारसुगुड़ा (उड़ीसा) रेलवे स्टेशन पर TTE की मदद से घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से दो लैपटॉप, बायोमैट्रिक डिवाइस, दस्तावेज, मोबाइल फोन और नकद 10,500 रुपये जब्त किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ग्रामीण ग्राहकों से KYC के नाम पर अंगूठा लगवाकर उनके खातों से रकम निकालता था।
आरोपी संदीप यादव के खिलाफ थाना कुनकुरी में BNS की धारा 316(5), 318(4) व IPC की धारा 420, 408 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पूरे मामले की विवेचना में थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक राकेश कुमार यादव समेत पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि ठगी की राशि और बढ़ सकती है, क्योंकि और भी पीड़ित सामने आ रहे हैं। जांच जारी है।




