यातायात पुलिस बिलासपुर की संवेदनशील पहल, हिट एंड रन पीड़ितों को शीघ्र मिलेगी राहत, जल्द मिलेगा मुआवजा

बिलासपुर – यातायात पुलिस बिलासपुर ने सड़क दुर्घटनाओं के शिकार घायल एवं मृतकों के परिजनों को राहत पहुंचाने के लिए “हिट एंड रन मोटर एक्सीडेंट स्कीम 2022” के तहत एक संवेदनशील एवं त्वरित कार्यवाही की मिसाल पेश की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के दिशा-निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के नेतृत्व में, जिले की यातायात पुलिस न सिर्फ यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करवा रही है, बल्कि दुर्घटना पीड़ितों के परिजनों को क्षतिपूर्ति के माध्यम से आर्थिक सहायता भी त्वरित रूप से दिलाने में जुटी है।
इस योजना के तहत यदि कोई व्यक्ति अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल या मृत होता है, तो संबंधित थाना प्रभारी द्वारा “क्लेम इंक्वायरी ऑफिसर” को दुर्घटना की प्रथम रिपोर्ट एवं पीड़ितों के विवरण के साथ भेजा जाता है। इसके बाद क्लेम इंक्वायरी ऑफिसर आवश्यक दस्तावेज संकलित कर मुआवजा हेतु प्रक्रिया आगे बढ़ाते हैं।
यदि इस बीच कोई दावा आवेदन प्राप्त नहीं होता है, तो जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से परिजनों से संपर्क कर उन्हें आवश्यक सहायता दी जाती है ताकि वे समय पर क्लेम दाखिल कर सकें। योजना की व्यापक जानकारी देने हेतु यातायात पुलिस द्वारा शहर में जन चौपाल, यातायात की पाठशाला एवं विधिक जागरूकता शिविरों का आयोजन कर आमजन को इस योजना से अवगत कराया जा रहा है।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे न केवल यातायात नियमों का पालन करें, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में मानवता का परिचय देते हुए पीड़ितों की तत्काल मदद करें। इस मानवीय और संवेदनशील पहल से न सिर्फ पीड़ितों को राहत मिलेगी, बल्कि समाज में जागरूकता भी बढ़ेगी।




