वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवती से दुष्कर्म, फरार मकान मालिक पर केस दर्ज

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर में एक युवती से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि मकान मालिक ने अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवती के साथ कई बार दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता पहले आरोपी के मकान में किराए से रहती थी। इसी दौरान आरोपी ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर वह लगातार युवती को ब्लैकमेल करता रहा और उसके साथ दुष्कर्म करता रहा।
आखिरकार पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी मकान मालिक के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। वारदात के बाद से आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। मामले की जांच जारी है।




