
रायपुर – समता कॉलोनी में हुई लाखों रुपये की लूट की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। रायपुर पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार कर 15 लाख रुपये नकद, एक दोपहिया वाहन और 6 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। कुल बरामदगी की कीमत करीब 17 लाख रुपये बताई गई है।
30 अप्रैल को प्रार्थी महावीर शर्मा से लूट की यह वारदात समता कॉलोनी केदार अस्पताल के पास अंजाम दी गई थी। तीन हमलावरों ने प्रार्थी को ईंट से चोट पहुंचाकर बैग छीन लिया और दोपहिया वाहन सहित फरार हो गए थे।
जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि लूट का मास्टरमाइंड प्रार्थी का जानकार भवानी शंकर, रायपुर निवासी था, जिसने अम्बिकापुर निवासी रवि शर्मा और भवानी शंकर उर्फ लालजी के साथ मिलकर राजस्थान के श्रीडूंगरगढ़ से बदमाश बुलाए थे।
मुख्य आरोपी राकेश भार्गव उर्फ कालू को राजस्थान से पकड़ा गया, जिसकी निशानदेही पर अन्य चार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।
दो आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट व थाना आजाद चौक पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी भूमिका निभाई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है।




