छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना

छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। आज राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं, और मौसम विभाग ने शाम तक तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर, बलौदा बाजार, बिलासपुर, रायगढ़ और राजनांदगांव सहित अन्य जिलों में आंधी-तूफान और तेज बारिश हो सकती है।
वहीं मौसम में इस बदलाव की वजह वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और प्रदेश में बनी विभिन्न द्रोणिकाएं बताई जा रही हैं। इनकी वजह से कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि की भी संभावना है।
खासकर सुकमा, बीजापुर और दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। दक्षिण बस्तर में बारिश और ओलावृष्टि के बाद तापमान में गिरावट भी दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है और खासतौर पर किसानों से कहा गया है कि वे अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी एहतियात बरतें।




