मंगला में ज़मीन माफियाओं का खुला खेल, ना सड़क, ना नाली, फिर भी बिक रहे प्लॉट….

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर शहर में एक बार फिर अवैध प्लॉटिंग का खेल सामने आया है। मंगला के वार्ड नंबर 14, उसलापुर स्टेशन रोड से सटे आकाश मार्ग में खुलेआम खेती की जमीन को टुकड़ों में बेचा जा रहा है वो भी बिना किसी वैध अनुमति के। शासन को करोड़ों की चपत लग रही है और जिम्मेदार विभाग आंख मूंदे बैठा हैं।
ये तस्वीरें हैं मंगला क्षेत्र के आकाश मार्ग की। लगभग 1 एकड़ खेती भूमि को प्लॉट में तब्दील कर, बेचा जा रहा है। कुछ प्लाट पर मकान भी तन गए है. इसके लिए टाउन एंड कंट्री प्लानिंग या रेरा से अनुमति नही ली है. धड़ल्ले से क़ृषि भूमि को टुकड़ो मे खपाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, इस मामले की शिकायत कलेक्टर और राजस्व कमिश्नर से की गई है। लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। इसका नतीजा ये है कि भूमाफियाओं के हौसले पहले से ज़्यादा बुलंद हैं। यहाँ ना सड़क है, ना नाली की व्यवस्था। कई प्लॉट में अवैध बोर भी खुदवा दिया गया है। लेकिन जिम्मेदार अधिकारी मौन हैं।
सवाल ये उठता है कि जब बिना अनुमति के निर्माण किया जा रहा हैं, तो निगम और राजस्व विभाग क्या कर रहे हैं? जब इस पूरे मामले पर वार्ड पार्षद हेमंत मरकाम से सवाल किया गया, तो उन्होंने खुद को इससे अनजान बताया। हैरानी की बात है कि पिछले कई वर्षों से ये गोरखधंधा चल रहा है, और जनप्रतिनिधि को ही इसकी भनक नहीं! बिलासपुर निगम क्षेत्र ही नहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में भी अवैध प्लॉटिंग का ये खेल लंबे समय से चल रहा है। सवाल यही है कि शासन की नज़रों के सामने हो रहे इस करोड़ों के खेल पर आखिर कब लगाम लगेगी? क्या प्रशासन को इस अवैध प्लॉटिंग की जानकारी नहीं है? अगर है, तो कार्यवाही क्यों नहीं हो रही? और अगर नहीं है, तो फिर जमीनी हकीकत जानने कौन जाएगा?




