खेत में मिली युवक की सिर कुचली लाश…..

राजधानी रायपुर से सटे तिल्दा क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर दूसरी हत्या की वारदात सामने आई है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ताजा मामला तिल्दा ब्लॉक के बेमता गांव का है, जहां हाईवे किनारे एक खेत में 45 वर्षीय युवक की खून से लथपथ लाश मिली है। मृतक की पहचान राजू भट्ठ के रूप में हुई है, जो सांकरा गांव का निवासी था और वर्तमान में नया रायपुर स्थित सिंचाई विभाग में अनुकंपा नियुक्ति पर पदस्थ था।
पुलिस के अनुसार, राजू भट्ठ बीते 15 दिनों से कार्यालय नहीं जा रहा था। गुरुवार सुबह ग्रामीणों को खेत में एक युवक की लाश पड़ी मिली, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंची तिल्दा थाना पुलिस ने देखा कि मृतक के सिर को बुरी तरह कुचला गया है, जिससे अंदेशा है कि उसकी हत्या बेहद बेरहमी से की गई है।
मौके से शराब की कई बोतलें बरामद की गई हैं, जिससे पुलिस को संदेह है कि मृतक अपने परिचितों के साथ शराब पीने गया था, जहां किसी विवाद में उसकी हत्या कर दी गई। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।




