छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में हीट वेव अलर्ट : अगले 48 घंटे बेहद गर्म, सतर्क रहने की अपील

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – राज्य के कई जिलों में गर्मी ने विकराल रूप ले लिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, रायपुर ने हीट वेव यानी ग्रीष्म लहर को लेकर अगले 48 घंटों के लिए चेतावनी जारी की है।

Advertisement

21 अप्रैल जारी की गई मौसम चेतावनी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के सरगुजा, जशपुर, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही और बलरामपुर जिलों के एक-दो इलाकों में गर्मी की लहर चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरी सावधानियाँ बरतने की अपील की है। जब दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5°C से 6.4°C अधिक हो, तो उसे हीट वेव कहा जाता है। 6.4°C से अधिक का अंतर होने पर यह गंभीर गर्मी की लहर बन जाती है। साथ ही, यदि मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाए, तो भी खतरा काफी बढ़ जाता है। रात का न्यूनतम तापमान अगर सामान्य से 4.5°C से 6.4°C ज्यादा है, तो उसे गर्म रात, और अगर यह 6.4°C से ज्यादा हो, तो बहुत गर्म रात माना जाता है, जो मानव स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हो सकता है।

Advertisement

हीट वेव के दौरान इन बातों का ध्यान रखना ज़रूरी है खूब पानी और तरल पदार्थ पीते रहें। दोपहर 12 से 4 बजे तक घर से बाहर निकलने से बचें। हल्के रंग के कॉटन कपड़े पहनें और शरीर को ढककर रखें। लू से प्रभावित व्यक्ति को तुरंत छायादार और ठंडी जगह पर ले जाएं। उसके शरीर पर गीला कपड़ा रखें और सिर पर सामान्य पानी डालें।

राज्य सरकार और जिला प्रशासन को भी अलर्ट रहने की ज़रूरत है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत पहुंचाई जा सके। आमजन से अपील है कि अपने आसपास के लोगों, खासकर बच्चों और बुज़ुर्गों का विशेष ध्यान रखें। गर्मी के इस मौसम में लापरवाही जानलेवा हो सकती है इसलिए सावधान रहें, सुरक्षित रहें।

 

 

Related Articles

Back to top button