रायपुर
रायपुर-अभनपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर चालक की हुई मौत

रायपुर-अभनपुर हाईवे पर स्थित नया रायपुर के निमोरा गांव के पास आज सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार हाईवा और ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर का केबिन कई मीटर दूर जाकर सड़क पर गिरा।
हादसे में ट्रेलर चालक केबिन में फंस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृत चालक की पहचान करण यादव, निवासी बिल्हा (बिलासपुर) के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही राखी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। फिलहाल घायल खलासी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, और मामले की जांच जारी है।




