तोरवा पुल के पास अपार्टमेंट की पार्किंग में लगी आग, 10 बाइक जलकर खाक

(आशीष मौर्य संपादक) : बिलासपुर – शहर के तोरवा पुल के पास स्थित वैशाली रेजीडेंसी अपार्टमेंट की पार्किंग में रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात भीषण आग लग गई,जिससे 10 बाइक जलकर खाक हो गईं और एक कार का एक हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। यह घटना रात करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है.
तोरवा पुल के पास स्थित वैशाली रेजीडेंसी मे रात को अचानक उठती तेज लपटों और धुएं को देखकर अपार्टमेंट के रहवासियों की नींद खुल गई। आग लगते ही अपार्टमेंट में हड़कंप मच गया। लोग तत्काल अपने-अपने घरों से बाहर निकले और आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। रहवासियों ने तुरंत पानी डालकर आग को नियंत्रित करने की कोशिश की, जिससे कार पूरी तरह जलने से बच गई। हालांकि, आग की लपटें इतनी तेज थीं कि किसी को कुछ समझने का समय नहीं मिला, और बाइकें देखते ही देखते जलकर राख हो गईं। अपार्टमेंट के रहवासियों के अनुसार, पार्किंग में आग शॉर्ट सर्किट की वजह से नहीं लगी है। रहवासीयो का कहना है कि इलेक्ट्रीशियन द्वारा जांच किए जाने पर इसकी पुष्टि की गई है कि शॉर्ट सर्किट से आग नहीं लगी है इसके बाद यह आशंका जताई जा रही है कि यह किसी की बदमाशी हो सकती है क्योंकि अपार्टमेंट में कैमरा नहीं लगा था,
हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है और अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही तोरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी हैँ । इस आगजनी की घटना से कॉलोनीवासियों में दहशत का माहौल बना हुआ है। लोग आशंका जता रहे हैं कि यदि आग को समय पर नहीं बुझाया जाता, तो यह और भी बड़े नुकसान का कारण बन सकती थी। फिलहाल, पुलिस घटना के कारणों की पड़ताल कर रही है और जांच के बाद ही आग लगने की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।




