बिलासपुर
यात्रियों से भरी बस पलटी, निर्माणाधीन सड़क पर अव्यवस्था से हादसा

(दिलीप जगवानी) : बिलासपुर – शनिवार सुबह 8:30 बजे रतनपुर-पेंड्रा मार्ग पर ,पोड़ी मोड़ के पास शक्ति बहरा जा रही पुष्पराज बस (CG 28 C 0143) अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद उनके घर भेज दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर गड्ढों के कारण बस का संतुलन बिगड़ा। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत कार्य शुरू किया।
यात्रियों का कहना है कि बस तेज रफ्तार में थी, जिससे ड्राइवर नियंत्रण नहीं रख सका। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण में तेजी लाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




