तेज रफ्तार का कहर: दो सड़क हादसों में तीन की मौत, पुलिस जांच में जुटी…..

(उज्ज्वल तिवारी) : पेंड्रा – जिले में तेज रफ्तार का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। बीती रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। फिलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसों की बढ़ती संख्या से स्थानीय लोग चिंतित हैं। आइए जानते हैं पूरी रिपोर्ट।
पहला हादसा जिले के बरवासन गांव के पास हुआ, जहां डोंगरिया निवासी मोहेंद्र सिंह अर्मो और घासीराम मसराम बाइक से अपने घर लौट रहे थे। तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद पीछे से आ रहे उनके साथी तुरंत मदद के लिए पहुंचे और 112 की सहायता से दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं, दूसरा हादसा गौरेला सारबहरा ओवर ब्रिज के पास हुआ। 60 वर्षीय शंकर कुशवाहा, जो स्कूटी से गौरेला जा रहे थे, किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इन दोनों ही मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। बता दें कि इस साल यानी 1 जनवरी 2025 से अब तक सड़क हादसों में 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 39 लोग घायल हो चुके हैं।




