
(भूपेंद्र सिंह राठौर/ प्रदीप भोई) बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र के स्वर्णिम ईरा कॉलोनी में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी को पुलिस ने महज 3 घंटे में सुलझा लिया है। 5 वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या के इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने एक नाबालिग लड़के को हिरासत में लिया है। पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह खुद मौके पर पहुंचे और जांच का नेतृत्व किया।
घटना 24 फरवरी की शाम की है, जब मासूम बच्ची अचानक लापता हो गई। अगले दिन सुबह 25 फरवरी को उसका शव स्वर्णिम ईरा कॉलोनी के एक निर्माणाधीन मकान में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस की 5 टीमों ने तेजी से जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस को बड़ी सफलता मिली। SP रजनेश सिंह ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए हमने अलग-अलग टीमें बनाकर जांच की।
सीसीटीवी फुटेज में नाबालिग आरोपी मृतका को ले जाते हुए दिखा। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया है। फिलहाल, पुलिस ने बाल कल्याण अधिनियम के तहत आरोपी नाबालिग को हिरासत में लेकर किशोर न्याय बोर्ड में प्रस्तुत किया है।




